m

कोलकाता, 22 जुलाई । पश्चिम बंगाल में बुधवार को मानसून पूरी तरह सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तर बंगाल के कई जिलों में भारी वर्षा का पूर्वानुमान व्यक्त किया है, जबकि दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा तथा गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार और कालिम्पोंग जिलों में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों और नदी तटीय इलाकों में भूस्खलन तथा जलभराव की आशंका को देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

वहीं कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के जिलों- उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, पूर्व एवं पश्चिम मेदिनीपुर, नदिया, मुर्शिदाबाद, हावड़ा और हुगली में बादल छाए रहने के साथ रुक-रुक कर वर्षा होने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

राजधानी कोलकाता में अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आर्द्रता का स्तर अधिक रहने से उमस बनी रह सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नमी के कारण अगले कुछ दिनों तक राज्य में वर्षा का सिलसिला जारी रह सकता है।

मौसम विभाग ने मछुआरों तथा पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। निचले इलाकों में जलजमाव तथा यातायात प्रभावित होने की आशंका भी व्यक्त की गई है।