सिलीगुड़ी, 03 अक्टूबर। सिलीगुड़ी के बागडोगरा इलाके में गाय चोरी के आरोप में एक युवक की सामूहिक पिटाई से मौत का सनसनीखेज मामला शनिवार को सामने आया है। घटना में तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार तड़के पांच लोगों का एक दल पिकअप वैन लेकर बागडोगरा के ताराबाड़ी इलाके में पहुंचा था। आरोप है कि वे गाय चोरी करने की कोशिश कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद पिकअप वैन में आग लगा दी गई।
बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद एक अन्य वाहन से कुछ और लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें भी स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई।
सूचना मिलने पर माटीगाड़ा और बागडोगरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और तीन लोगों को हिरासत में लिया। वहीं, पानीघाटा चौकी की पुलिस ने भी एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पुलिस ने घटनास्थल से जली हुई पिकअप वैन और क्षतिग्रस्त वाहन बरामद किया है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
