हुगली, 25 मई । आगामी मानसून से पहले नदी तटबंधों की मरम्मत, कंक्रीट पुलों के निर्माण तथा सिंचाई विभाग की विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए सोमवार को सिंचाई विभाग में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आरामबाग के विधायक हेमंत बाग और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में मानसून के दौरान संभावित जलभराव और कटाव को रोकने के लिए विभिन्न नदी तटबंधों के मरम्मत एवं संरक्षण कार्यों की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। लोगों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में निर्माणाधीन कंक्रीट पुलों की प्रगति का भी जायजा लिया गया।
विधायक हेमंत बाग ने बताया कि किस क्षेत्र में किस प्रकार का कार्य चल रहा है और किन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करना आवश्यक है, इस विषय पर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के साथ-साथ कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि आरामबाग के लोगों के हित में विकास कार्य समय पर और सही तरीके से पूरे हों, इसके लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। मानसून से पहले महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना संबंधी कार्यों को तेजी से पूरा करने का आह्वान भी किया गया।
बैठक में नदी तटबंध संरक्षण, पुल निर्माण और सिंचाई व्यवस्था के विकास से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने आम लोगों के हित में विकास कार्यों की निरंतरता बनाए रखने का आश्वासन दिया।
