पश्चिम मेदिनीपुर, 12 अप्रैल। अभिनेता और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती रविवार को पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दांतन विधानसभा क्षेत्र के मोहनपुर में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अजीत जाना के समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रोड शो की शुरुआत दोपहर तीन बजे होगी।
यह रोड शो गोमुंडा बाजार से शुरू होकर बड़ाई बाजार तक जाएगा। इस दौरान वे रोड शो के माध्यम से क्षेत्र के मतदाताओं से भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगे।
रविवार सुबह भाजपा प्रत्याशी अजीत जाना ने दांतन विधानसभा के नीलदा क्षेत्र में बाबा महादेव और मां काली के चरणों में प्रणाम कर दिन की राजनीतिक गतिविधियों की शुरुआत की। पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान भी चलाया और लोगों से समर्थन मांगा।
दांतन विधानसभा सीट पर इस बार त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। माणिक मायती तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार हैं, जबकि उत्पल दत्त कांग्रेस की ओर से चुनाव मैदान में हैं।
वर्ष 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में दांतन निर्वाचन क्षेत्र से अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी बिक्रम चंद्र प्रधान ने शानदार जीत दर्ज की थी। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार शक्तिपद नायक को कड़े मुकाबले में पराजित किया था।
