सिलीगुड़ी, 08 सितंबर । सिलीगुड़ी से सटे डाबग्राम-फुलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र के फुलबाड़ी स्थित सिपाईपाड़ा इलाके में मंगलवार तड़के एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के गोदाम में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से गोदाम का एक बड़ा हिस्सा जलकर राख हो गया।
बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली कि मौके पर पहुंची दमकल की एक गाड़ी से स्थिति पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। आग की लपटें लगातार बढ़ती देख बाद में दमकल की एक और गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास में जुट गई। गोदाम के आसपास घनी आबादी होने के कारण आग लगने की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। आग से उठता काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रहा था।
स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का दावा है कि यदि समय रहते आग बुझाने की प्रभावी कार्रवाई शुरू की जाती, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।
वहीं, एक बड़े कंस्ट्रक्शन कंपनी के गोदाम में पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था और फायर सेफ्टी सिस्टम नहीं होने को लेकर भी स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि गोदाम में उचित अग्निशमन इंतजाम मौजूद होते तो आग इतनी भयावह स्थिति तक नहीं पहुंचती। स्थिति को नियंत्रित करने और इलाके में बढ़ती भीड़ व तनाव को संभालने के लिए एनजेपी थाने की पुलिस की बड़ी टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों को शांत कराया और स्थिति पर नजर बनाए रखी। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। वहीं, घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
