740 मरीजों की जांच, 65 के होंगे निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन
कोलकाता, 23 जनवरी। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता द्वारा की ओर से गुरूवार को दो स्थानों पर निशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया। एक शिविर भद्रेश्वर स्थित विक्टोरिया जूट मिल परिसर में तथा दूसरा शिविर श्यामनगर में आदिवासी तपोसिल जाति समुदाय के सहयोग से लगाया गया।
इन दोनों शिविरों में कुल 740 मरीजों की जांच की गई। मरीजों की शुगर जांच, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, पीएफटी (Pulmonary Function Test) किया गया तथा आवश्यकतानुसार दवाएं निशुल्क वितरित की गईं।
नेत्र परीक्षण के दौरान 220 मरीजों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, जबकि 65 मरीज मोतियाबिंद से पीड़ित पाए गए। मोतियाबिंद से ग्रसित मरीजों के ऑपरेशन कोलकाता स्थित मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल में निःशुल्क किए जाएंगे।

कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रहलाद राय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इन शिविरों को सफल बनाने में डॉ. कबीर अहमद, डॉ. शमीमा खातून, डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. राजीव सिंह, डॉ. के.के. राय, डॉ. सौरव सिंह एवं ज्योति सिंह का योगदान सराहनीय रहा।
दिवाकर ने बताया कि प्रधान सचिव गोयनका जी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर गरीब एवं वंचित तबके के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना है।
मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्ध
अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। सोसायटी के अस्पताल में आम नागरिकों को न्यूनतम शुल्क पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।
अस्पताल में मौजूद होम्योपैथिक चिकित्सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्क देते हैं। यहां चिकित्सक से मात्र 120 रुपए में परामर्श लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। अस्पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।
नि:शुल्क सर्वाइकल वैक्सीन
सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्सीन नि:शुल्क देने का अभियान शुरू किया है।
