मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी

270 को मिलेंगे चश्‍मे, 90 के होंगे निशुल्‍क ऑपरेशन

ओंकार समाचार

कोलकाता, 8 मार्च। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता की ओर से रविवार को पश्चिम बंगाल के तीन स्थानों पर नि:शुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया।

यह शिविर मां शारदा फाउंडेशन के सहयोग से उल्टाडांगा में, हावड़ा साहू समाज के सहयोग से नंदी बागान (हावड़ा) में तथा स्काउट सिविल सोसायटी के सहयोग से हाथी बागान में आयोजित किए गए। तीनों स्थानों पर आयोजित शिविरों में कुल लगभग 860 मरीजों की जांच की गई। इन शिविरों में मरीजों के ईसीजी, शुगर टेस्ट और अन्य सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किए गए तथा आवश्यक दवाइयां भी मुफ्त वितरित की गईं।

 

नेत्र जांच के दौरान 270 मरीजों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, जबकि 90 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित किए गए। इन सभी मरीजों के ऑपरेशन कोलकाता स्थित मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल में नि:शुल्क किये जाएंगे।

कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रह्लाद रॉय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इन शिविरों को सफल बनाने में डॉ. एम.के. राय, डॉ. मलय दास, डॉ. शंकर मंडल, डॉ. राजीव सिंह, डॉ. सुकांतो राय, डॉ. अनिरबान धर और डॉ. सुवेंदु देवनाथ का सराहनीय योगदान रहा।

दिवाकर ने बताया कि प्रधान सचिव गोयनका जी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर गरीब एवं वंचित तबके के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना है।

मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्‍ध

अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्‍ध है। सोसायटी के अस्‍पताल में आम नागरिकों को न्‍यूनतम शुल्‍क पर बेहतर स्‍वास्‍थ्‍य सेवाएं उपलब्‍ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।

अस्‍पताल में मौजूद होम्‍योपैथिक चिकित्‍सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्‍क देते हैं। यहां चिकित्‍सक से मात्र 120 रुपए में परामर्श लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्‍क उपलब्‍ध कराई जाती है। अस्‍पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।

नि:शुल्‍क सर्वाइकल वैक्‍सीन

सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्‍सीन नि:शुल्‍क देने का अभियान शुरू किया है।