पश्चिम मेदिनीपुर, 29 मार्च । जिले में बेलदा–एगरा राज्य मार्ग पर शनिवार देर शाम सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना जिले के बेलदा थाना क्षेत्र के आसदा मोड़ के पास हुई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नारायणगढ़ ब्लॉक के गुड़दला क्षेत्र निवासी गोकुल राउल (66) मोटरसाइकिल से खाकुड़दा की ओर से बेलदा की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि गोकुल राउल की मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि गोकुल राउल बेलदा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती अपने बीमार भाई को देखने जा रहे थे। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में यह दुखद हादसा हो गया।
सूचना पाकर बेलदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया। पुलिस ने बताया कि शव को रविवार पोस्टमॉर्टम के लिए खड़गपुर महकमा अस्पताल भेजा जाएगा।
