mm

कोलकाता, 24 नवंबर । मुंबई में सोमवार को दिग्गज बालीवुड अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की खबर आते ही पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई। हिंदी फिल्म जगत के इस महान अभिनेता ने अपने शानदार अभिनय, विनम्रता और करिश्माई उपस्थिति से भारतीय सिनेमा में अमिट छाप छोड़ी।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि देते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की।

ममता बनर्जी ने लिखा—’भारतीय सिनेमा को प्रेरित करते रहेंगे धर्मेंद्र।’

उन्हें धर्मेंद्र जी के निधन की खबर से गहरा दुख पहुंचा है।

उन्होंने आगे लिखा – “भारतीय सिनेमा में धर्मेंद्र जी का योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उनके परिवार, प्रशंसकों और अनुयायियों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। हेमा मालिनी जी, उनके बेटे-बेटियां अब उनकी समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाएंगे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।”

डॉ. सुकांत मजूमदार ने अपने संदेश में कहा, “धर्मेंद्र जी जैसे महान, प्रिय और प्रतिष्ठित अभिनेता का जाना भारतीय सिनेमा के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके सदाबहार अभिनय, सरल स्वभाव और आकर्षक व्यक्तित्व ने पीढ़ियों को प्रभावित किया। भारत ने आज एक अनमोल रत्न खो दिया है। उनके परिवार, सहकर्मियों और करोड़ों प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ओम शांति।”