सिलीगुड़ी, 01 सितंबर। आगामी नगर निकाय चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल सरकार ने सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्डों की संख्या बढ़ाने का बड़ा फैसला लिया है। 31 अगस्त 2026 को जारी नगर विकास एवं नगरपालिका मामलों के विभाग की अधिसूचना के अनुसार, अब सिलीगुड़ी नगर निगम में 63 वार्ड होंगे। इससे मौजूदा 47 वार्डों की तुलना में 16 वार्डों की बढ़ोतरी होगी।
सरकारी अधिसूचना के मुताबिक, पश्चिम बंगाल नगर निगम अधिनियम, 2006 की धारा सात के तहत यह फैसला लिया गया है। वार्डों के निर्धारण में जनसंख्या, जनसंख्या घनत्व, भौगोलिक स्थिति, ऐतिहासिक महत्व और संबंधित क्षेत्रों की आर्थिक परिस्थितियों को ध्यान में रखा गया है।
इसी अधिसूचना में दुर्गापुर नगर निगम के लिए 53 वार्ड निर्धारित किए गए हैं। वहीं, सिलीगुड़ी में वार्डों की संख्या 63 किए जाने को आगामी चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस बदलाव का शहर के प्रशासनिक ढांचे के साथ-साथ राजनीतिक समीकरणों पर भी असर पड़ सकता है।
अधिसूचना की प्रतियां राज्य निर्वाचन आयोग, दार्जिलिंग के जिलाधिकारी, डायरेक्टर ऑफ लोकल बॉडीज, स्टेट अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी और सिलीगुड़ी नगर निगम के कमिश्नर समेत संबंधित विभागों को भेजी गई हैं। अब नए वार्डों के गठन, सीमांकन और चुनावी प्रक्रिया को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
कौन-कौन से इलाके नए वार्डों में शामिल होंगे और सीमाओं का पुनर्गठन किस तरह होगा, इस पर सिलीगुड़ी वासियों और राजनीतिक दलों की नजर बनी हुई है।
