पश्चिम बर्दवान, 08 जुलाई । दुर्गापुर में टोटो से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से राज्य पुलिस ने पूरे पश्चिम बंगाल में विशेष निगरानी अभियान शुरू किया है। इसी अभियान के तहत बुधवार सुबह दुर्गापुर के भिरिंगी इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर दुर्गापुर ट्रैफिक गार्ड ने विशेष अभियान चलाया।
अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे प्रत्येक टोटो को रोककर जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में कई टोटो चालकों पर जुर्माना लगाया गया, जबकि कई टोटो को पुलिस ने जब्त भी कर लिया।
दुर्गापुर ट्रैफिक गार्ड की ओर से टोटो चालकों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि भविष्य में यदि कोई टोटो राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलता पाया गया तो किसी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर टोटो भी जब्त कर लिया जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोटो का अनियंत्रित संचालन बड़े सड़क हादसों का कारण बन सकता है। यात्रियों और आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस विशेष अभियान को आगे भी और अधिक सख्ती के साथ जारी रखा जाएगा।
