onkar

कोलकाता, 21 जून ।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जलदापाड़ा राष्ट्रीय उद्यान में एक अनोखा और आकर्षक दृश्य देखने को मिला। यहां महावतों ने हाथियों की पीठ पर बैठकर योगाभ्यास किया और योग दिवस को विशेष अंदाज में मनाया।

वन विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर जलदापाड़ा राष्ट्रीय उद्यान में महावतों ने कुनकी हाथियों की पीठ पर बैठकर विभिन्न योगासन किए।

योग दिवस की सुबह वनरक्षियों और वन विभाग के अधिकारियों ने भी हॉलोंग नदी के तट पर छह कुनकी हाथियों के साथ योगाभ्यास में भाग लिया। इस दौरान प्रकृति और वन्यजीवों के बीच योग का अनूठा संदेश देखने को मिला।

जलदापाड़ा राष्ट्रीय उद्यान प्रशासन ने इस विशेष आयोजन का एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें इंसानों और हाथियों को एक साथ योग दिवस मनाते हुए देखा जा सकता है। यह दृश्य लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा।