सिलीगुड़ी, 06 मई। सिलीगुड़ी महकमा के फांसीदेवा के तूफानडांगी इलाके में स्थित ‘मदरसा आशरफिया इस्लाहुल मुसलमीन’ के हॉस्टल से एक छात्र के रहस्यमय ढंग से लापता होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। लापता छात्र का नाम मोसब्बीफ रेज़ा है।
परिवार के अनुसार, वह दो मई को मदरसे में गया था। मंगलवार शाम करीब छह बजे मदरसा प्रशासन ने उसकी मां को फोन कर बताया कि वह परिसर में नहीं मिल रहा है। सूचना पाकर परिवार मौके पर पहुंचा, लेकिन काफी तलाश के बावजूद छात्र का कोई सुराग नहीं मिला। हालांकि, अबू सूफियान नामक एक शिक्षक के पास से उसका मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिससे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है।
छात्र की मां शफाकत जहान ने बताया कि रिश्तेदारों और सभी संभावित जगहों पर खोजबीन के बावजूद बेटे का कोई पता नहीं चला। उन्होंने मदरसा स्टाफ की भूमिका पर सवाल उठाते हुए फांसीदेवा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, बुधवार को छात्र की तलाश में महानंदा नहर में भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और परिजन दोनों ही छात्र के सुरक्षित लौटने का इंतजार कर रहे हैं।
