raja

राजौरी, 15 सितंबरl पीर पंजाल में आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए राजौरी पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) से जुड़े कथित ओवर ग्राउंड वर्कर (ओजीडब्लू) मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान ज़ाकिर हुसैन पुत्र गुलाम हुसैन निवासी कोटचरवाल टेरियाथ, राजौरी, मोहम्मद आज़म पुत्र अली बहादुर निवासी कोटचरवाल टेरियाथ राजौरी और मोहम्मद मुश्ताक पुत्र मोहम्मद इक़बाल निवासी उधन, राजौरी के तौर पर हुई है।

अधिकारियों ने कहा कि ये गिरफ्तारियां पीर पंजाल इलाके में सक्रिय एक आतंकी मॉड्यूल की जांच के दौरान की गईं। शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपित कथित तौर पर आतंकवादियों को लॉजिस्टिकल सपोर्ट, सुरक्षित आवाजाही और ज़मीनी स्तर पर अन्य मदद मुहैया कराने में शामिल थे। जांच में यह भी पता चला कि उन्होंने कथित तौर पर गाइड के तौर पर काम किया और कश्मीर घाटी की ओर आतंकवादी समूहों की आवाजाही में मदद की। साथ ही नागरिकों को निशाना बनाकर किए गए हमले समेत कई हाई-प्रोफाइल हमलों में ज़मीनी मदद भी दी।

जांच के दौरान एक आरोपित की जानकारी पर एक आईईडी भी बरामद किया गया। शुरुआती जांच से संकेत मिलता है कि कथित तौर पर एक आतंकवादी समूह के सदस्यों ने यह डिवाइस को सुरक्षित रखने और किसी लक्षित हमले में संभावित इस्तेमाल के लिए आरोपियों को सौंपा था।

पुलिस ने कहा कि पूरे नेटवर्क का पता लगाने अन्य सहयोगियों की पहचान करने और उनकी संलिप्तता के पूरे दायरे का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।