कोलकाता, 30 नवंबर। कहते हैं कि यदि जुनून सच्चा हो तो उम्र केवल एक संख्या मात्र रह जाती है। इसका जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया है कोलकाता के 65 वर्षीय ललित सरावगी जैन ने, जिन्होंने अदम्य इच्छाशक्ति और निरंतर परिश्रम के बल पर एक अनूठा विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है।
जैन ने कठिन संघर्ष और मेहनत से सफलता के शिखरों का छूने वाले 1,000 व्यक्तियों के जीवन पर प्रेरणादायक फिल्में बनाई हैं । इस विराट कार्य को पूरा करने में उन्हें 14 वर्षों का समय लगा। हाल ही में उनके इस असाधारण योगदान को विश्व रिकॉर्ड के रूप में मान्यता मिली है।
इससे पहले भी ललित जैन विभिन्न विषयों पर 2,500 शॉर्ट फिल्में बना चुके हैं, जिसके लिए उन्हें चार विश्व रिकॉर्ड मिल चुके हैं। उन्होंने 28 अगस्त 2011 को अपनी पहली शॉर्ट फिल्म का निर्माण किया था। पिछले 14 वर्षों में वे ढाई हजार शॉर्ट फिल्में स्वयं निर्माण और निर्देशन कर बनाने वाले दुनिया के पहले व्यक्ति बन गए, जिन्हें अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान भी प्राप्त हुए हैं।
1,000 प्रेरणादायक फिल्मों के निर्माण हेतु उन्होंने देश के सैकड़ों क्षेत्रों के साथ-साथ विदेशों में भी शूटिंग की। इन फिल्मों का प्रसारण देश के प्रमुख चैनल जी बिज़नेस, आध्यात्मिक चैनल आदिनाथ, तथा वाह ज़िंदगी यूट्यूब चैनल पर होता है।
