अज्ञात वाहन की चपेट में आने से महिला की मौत, सड़क जाम

जमशेदपुर में बच्चे की मौत पर हंगामा

 चाईबासा में महिला की मौत के बाद एनएच-75 जाम

 सुंदरनगर में ट्रक की टक्कर से दो किशोरों की जान गई

झारखंड, 15 मार्च। राज्य के अलग-अलग जिलों में हुए सड़क हादसों में एक बच्चे, एक महिला और दो किशोरों की मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद कई स्थानों पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया गया। पुलिस और प्रशासन को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।

बर्मामाइंस में बच्चे की मौत पर परिजनों का प्रदर्शन

बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में चार वर्षीय बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। जानकारी के अनुसार स्टार टॉकीज इलाके में रहने वाला आरुष शनिवार को अपनी दादी के साथ अपने बड़े भाई को लेने खालसा स्कूल आया था। इसी दौरान स्कूल के बाहर सड़क किनारे खेलते समय तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी।

गंभीर रूप से घायल बच्चे को तुरंत टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव परिजनों को सौंपा गया तो वे स्कूल के बाहर पहुंच गए और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन करने लगे। परिजनों ने आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया।

चाईबासा में अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत

चाईबासा में रविवार सुबह सड़क हादसे में एक महिला की मौत के बाद ग्रामीणों ने एनएच-75 को जाम कर दिया।

लोहरदा गांव की रहने वाली सुमित्रा जामुदा सुबह करीब सात बजे सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को एंबुलेंस से सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक सड़क जाम कर मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

सुंदरनगर में ट्रक की टक्कर से दो किशोरों की मौत

सुंदरनगर थाना क्षेत्र के कुदादा के पास शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान हिस्कू गांव निवासी 16 वर्षीय दुर्गा हेंब्रम और केडो गांव निवासी 15 वर्षीय मार्शल सोरेन के रूप में हुई है। दोनों बाइक से जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। गुस्साए लोगों ने चालक को पकड़कर कुछ समय के लिए बंधक भी बना लिया और उसकी पिटाई कर दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को शांत कराते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।