शहरी स्वच्छता में झारखंड का दबदबा,दो शहर सम्मानित, जमशेदपुर को देशभर में तीसरा स्थान

रांची,17 जुलाई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कुशल नेतृत्व में राज्य ने लगातार विकास की दिशा में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। इसी क्रम में स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में 3-10 लाख तक की आबादी वाले स्वच्छ शहरों में झारखंड के जमशेदपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी नई पहचान बनाई है।जमशेदपुर को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ और बुंडू को झारखंड के प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर के रूप में चुना गया है।इस उपलब्धि के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में पुरस्कार प्रदान किया।
प्रधान सचिव – नगर विकास एवं आवास विभाग सुनील कुमार, निदेशक-सुडा सूरज कुमार और अपर नगर आयुक्त-जेएनएसी कृष्ण कुमार ने राष्ट्रपति के हाथों यह पुरस्कार ग्रहण किया। जमशेदपुर को तीसरे स्थान के साथ-साथ 5 स्टार रेटिंग का गौरव भी प्राप्त हुआ है।
उल्लेखनीय है कि झारखंड से स्वच्छता सर्वेक्षण पुरस्कार के लिए जमशेदपुर का नामांकन किया गया था। आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय द्वारा आयोजित इस समारोह में जमशेदपुर की उपलब्धि ने पूरे राज्य को गौरवान्वित किया।

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा, “यह पुरस्कार पूरे जिले और शहर के लिए गर्व का विषय है। यह सम्मान जागरूक नागरिकों, सफाई कर्मियों की मेहनत और नगर निकाय प्रशासन के प्रयासों का परिणाम है। सभी लोग इसी तरह स्वच्छता को अपनी आदत और संस्कृति बनाएं।”

उन्होंने शहरवासियों, सफाई कर्मियों एवं नगर निगम प्रशासन को बधाई देते हुए कहा कि स्वच्छता बनाए रखने में हर नागरिक का योगदान जरूरी है।

गुरूवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की मौजूदगी में स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 का परिणाम घोषित किया गया और बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहरों को सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर राष्ट्रपति के अलावा केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू एवं केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य विभाग के सचिव श्रीनिवास कटिकिथला ने झारखंड सरकार, राज्य के नगर विकास विभाग और प्रदेश के नागरिकों खासकर जमशेदपुर और बुंडू के नागरिकों को इस सम्मान के लिए बधाई दी।

स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 के कुछ अन्य श्रेणी में भी झारखंड के कई शहरों का प्रदर्शन बेहतर रहा है। स्वच्छता के क्षेत्र में जमशेदपुर को पांच सितारा शहरों की सूची में शामिल किया गया है जबकि झारखंड के देवघर,जुगसलाई और चाकुलिया को वन स्टार रैंकिंग प्राप्त हुआ है। वाटर प्लस शहरों की सूची में जमशेदपुर को जगह मिली है। बुंडू, चिरकुंडा, राजमहल, साहेबगंज और देवघर को ओडिएफ प्लस श्रेणी में रखा गया है।

उल्लेखनीय है कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2016 में झारखंड की स्थिति बहुत प्रशंसनीय नहीं थी, लेकिन लगातार स्वच्छ सर्वेक्षण 2017, 2018,2019, 2020, 2021, 2022, 2023 में राज्य की जनता और शहरी निकायों तथा राज्य सरकार के कुशल मार्गदर्शन में राज्य ने स्वच्छता के क्षेत्र में कई सम्मान प्राप्त किए हैं। वर्तमान समय में माननीय मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व और विभागीय मंत्री सुदिव्य कुमार के मार्गदर्शन तथा सफाईकर्मियों के प्रति संवेदनशीलता का ही नतीजा है कि आज राज्य के दो शहरों को स्वच्छता के क्षेत्र में ये सम्मान प्राप्त हुआ है।

नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने इस सफलता के लिए मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व और विभागीय मंत्री सुदिव्य कुमार के मार्गदर्शन और नागरिकों के सहयोग को श्रेय देते हुए विभाग से अगले सर्वेक्षण में और बेहतर प्रदर्शन का उम्मीद जताई है। उन्होंने सभी नगर निकायों को निर्देश भी दिया है कि वो साफ सफाई को अपनी प्राथमिकता में रखकर कार्य करें।

इस मौके पर राज्य सरकार की ओर से नगर विकास एव आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, राज्य शहरी विकास अभिकरण के निदेशक सूरज कुमार और जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार और बुंडू नगर पंचायत के पदाधिकारियों ने सम्मान प्राप्त किया ।