टोक्यो/बीजिंग, 09 जुलाई । पूर्वी चीन सागर में विवादित द्वीपों के पास जापान और चीन के कोस्ट गार्ड जहाजों के बीच तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली। दोनों देशों ने दावा किया कि उन्होंने दूसरे देश के जहाजों को अपने समुद्री क्षेत्र से बाहर खदेड़ दिया।
सिंगापुर के सीएनए (चैनल न्यूज एशिया) की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना उन निर्जन द्वीपों के पास हुई जिन परजापान सेनकाकू और चीन डियाओयू के नाम से अपना क्षेत्र बताता है। ताइवान और ओकिनावा के बीच स्थित इन द्वीपों को लेकर दोनों देशों के बीच लंबे समय से विवाद और कूटनीतिक तनाव बना हुआ है।
जापान के कोस्ट गार्ड के अनुसार, दो चीनी कोस्ट गार्ड जहाज एक जापानी मछली पकड़ने वाली नाव के करीब पहुंच गए । इसके बाद जापानी अधिकारियों ने उन्हें क्षेत्र छोड़ने का आदेश दिया और सुबह करीब 9:20 बजे उन्हें जापान के दावे वाले समुद्री इलाके से बाहर जाने पर मजबूर कर दिया। साथ ही, जापानी कोस्ट गार्ड ने मछली पकड़ने वाली नाव की सुरक्षा के लिए उसके आसपास अपनी तैनाती बढ़ा दी।
वहीं, चीन के कोस्ट गार्ड (सीसीजी) ने बयान में दावा किया कि जापानी मछली पकड़ने वाली नाव जुइहो मारू विवादित समुद्री क्षेत्र में घुस आई थी। चीन ने कहा कि उसके जहाजों ने नाव को चेतावनी दी और उसे क्षेत्र से बाहर खदेड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाए।
गौरतलब है कि, चीन और जापान लंबे समय से एक-दूसरे पर विवादित द्वीपों के आसपास जहाज भेजने और समुद्री सीमा का उल्लंघन करने के आरोप लगाते रहे हैं। ऐसे घटनाक्रम कई बार दोनों देशों के बीच तनाव को और बढ़ा देते हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, हाल के महीनों में दोनों देशों के संबंध और अधिक तनावपूर्ण हुए हैं। नवंबर में जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची की ताइवान संबंधी टिप्पणी पर चीन ने कड़ी आपत्ति जताई थी। इससे पहले 10 जून को भी चीनी जहाज जापान के दावे वाले समुद्री क्षेत्र में देखे गए थे, हालांकि किसी जापानी मछली पकड़ने वाली नाव के इतने करीब पहुंचने की घटना अपेक्षाकृत दुर्लभ मानी जा रही है।
