युवक पर चापड़ से हमला

ओंकार समाचार

पूर्वी सिंहभूम, 13 जुलाई । जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना टाउन हॉल के समीप हुई, जहां डेली कलेक्शन का कार्य कर घर लौट रहे बारीडीह निवासी अभिषेक गिरी पर चार युवकों ने अचानक हमला कर दिया। हमले में अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

घायल अभिषेक गिरी ने बताया कि वह रोज की तरह मानगो क्षेत्र से डेली कलेक्शन का कार्य पूरा कर अपने घर लौट रहा था। रास्ते में टाउन हॉल के पास वह कुछ देर के लिए रुका और अपने मोबाइल फोन पर अपने मित्र से बातचीत करने लगा। इसी दौरान वहां अमित सिंह, अभिषेक सिंह, रितिक सिंह और दीपू नामक युवक पहुंचे और बिना किसी बातचीत के उस पर चापड़ से हमला कर दिया।

अभिषेक के अनुसार आरोपियों ने उस पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी उसे उठाकर पास की झाड़ियों की ओर ले जाने लगे। घायल युवक ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोगों की हलचल देखकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

पीड़ित का आरोप है कि हमलावर उसके पास मौजूद डेली कलेक्शन के करीब 10 हजार रुपये भी लेकर भाग निकले। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल को अस्पताल पहुंचाया।

मामले की जानकारी मिलने पर सिदगोड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

थाना प्रभारी फ़ैज़ अहमद ने बताया कि इस घटना में अजय रविदास नामक एक अन्य युवक भी घायल हुआ है, जिसकी नाक और हाथ में चोट आई है।

हालांकि, दोनों घायलों द्वारा पुलिस को दिए गए बयान एक-दूसरे से अलग हैं। ऐसे में पुलिस सभी तथ्यों और परिस्थितियों की गहन जांच कर रही है।

प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश, लूट या पूर्व विवाद से जुड़ा हो सकता है। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घायल के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और जिम्मेदार लोगों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।  पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।