qazw

तेहरान, 05 सितंबर । फारस की खाड़ी में खार्ग द्वीप के पास एक छोटे ईरानी तेल टैंकर को शनिवार अमेरिकी सेना की मिसाइल ने निशाना बनाया। फिलहाल, इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

तुर्किए की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडोलू और ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तसनीम न्यूज़ के अनुसार, घटना खार्ग द्वीप से करीब छह नॉटिकल मील दूर हुई। तसनीम ने स्थानीय सूत्रों के हवाले से बताया कि लंगर डाले हुए टैंकर पर अमेरिकी सेना की ओर से दागे गए करीब चार प्रोजेक्टाइल लगे।

रिपोर्ट के मुताबिक, हमले के बाद टैंकर के क्रू मेंबर्स को जहाज से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई। स्थानीय सूत्रों ने दावा किया कि घटना में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।

अधिकारियों की ओर से फिलहाल टैंकर को हुए नुकसान की सटीक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। संबंधित एजेंसियां घटना की परिस्थितियों और नुकसान की सीमा की जांच कर रही हैं।

फिलहाल, अमेरिकी अधिकारियों की ओर से इस कथित मिसाइल हमले पर कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। इसलिए टैंकर पर हमले से जुड़ी जानकारी को फिलहाल ईरानी मीडिया और स्थानीय सूत्रों के दावे के रूप में देखा जा रहा है।

खार्ग द्वीप ईरान के लिए रणनीतिक और आर्थिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। यह देश के प्रमुख कच्चे तेल निर्यात टर्मिनलों में शामिल है और ईरान के समुद्री तेल निर्यात का बड़ा हिस्सा यहीं से संचालित होता है। इसी रणनीतिक महत्व के कारण फारस की खाड़ी में किसी भी सैन्य गतिविधि का असर क्षेत्रीय तेल आपूर्ति और वैश्विक ऊर्जा बाजार पर पड़ने की आशंका रहती है।