वाशिंगटन, 16 जुलाई । राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि ईरान ने एक अमेरिकी महिला को रिहा कर दिया है। उसे दिसंबर 2024 से ईरान में गलत तरीके से हिरासत में रखा गया था। ट्रंप ने उसकी पहचान नहीं उजागर की और न ही उनकी रिहाई की परिस्थितियों के बारे में कोई अतिरिक्त जानकारी दी। उन्होंने इसके लिए ईरान का आभार जताया।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल पर यह खुशखबरी साझा की। उन्होंने लिखा, ” ईरान ने एक अमेरिकी नागरिक को देश छोड़ने की इजाजत दे दी है। उन्हें ‘स्लीपी’ जो बाइडेन’ के कार्यकाल में दिसंबर 2024 में गलत तरीके से हिरासत में लिया गया था। वह अब सुरक्षित रूप से ईरान से बाहर हैं और ठीक-ठाक हैं। संयुक्त राज्य अमेरिका, ईरान के इस सद्भावनापूर्ण कदम की सराहना करता है। ”
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति की ट्रुथ सोशल पोस्ट के बाद महिला की पहचान के संबंध में व्हाइट हाउस और राष्ट्रपति के बंधक मामलों के लिए विशेष दूत के कार्यालय से संपर्क किया गया। बाद में रिहा की गई महिला की पहचान उनके वकील ने डीना करारी के रूप में की।
अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार वकील जेरेड गेन्सर ने एक्स पर लिखा, “मुझे यह बताते हुए खुशी और उत्साह हो रहा है कि मेरी मुवक्किल और अमेरिकी नागरिक डीना करारी अब आजाद हैं। वो दिसंबर 2024 से ईरान में झूठे आरोपों के कारण फंसी हुई थीं। उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप का धन्यवाद किया और कहा कि उनकी मुवक्किल अब सुरक्षित हैं और संयुक्त राज्य अमेरिका वापस लौट रही हैं।”
एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि पिछले माह तक अमेरिकी सरकार ईरान में हिरासत में लिए गए कम से कम छह अमेरिकियों की स्थिति पर नजर रख रही थी। इनमें से दो को गलत तरीके से हिरासत में लिए गए लोगों के रूप में चिह्नित किया गया था।
