पेसा नियमावली की दी गई जानकारी

खूंटी, 20 अप्रैल । तोरपा प्रखंड कार्यालय सभागार में सोमवार को पेसा नियमावली की जानकारी देने और के संबंध में जागरूकता के लिए बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विभिन्न गांवों से आए ग्राम प्रधानों को बीडीओ नवीन चंद्र झा और सीओ पूजा बिन्हा ने पेसा नियमावली की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान ग्राम प्रधानों के साथ नियमावली के विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए ग्राम प्रधान के चयन से जुड़े मुद्दों पर भी जानकारी ली गई।

अधिकारियों ने बताया कि पेसा नियमावली के माध्यम से ग्राम सभा को कई महत्वपूर्ण अधिकार दिए गए हैं, जिनका उद्देश्य गांवों में पारंपरिक व्यवस्था को सशक्त बनाना और स्थानीय स्तर पर निर्णय प्रक्रिया को मजबूत करना है। उन्होंने ग्राम प्रधानों से अपने-अपने गांवों में इसकी जानकारी लोगों तक पहुंचाने की अपील की।

बैठक में प्रमुख रोहित सुरीन, उपप्रमुख संतोष कर, प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर उपुल बहा मुर्मू और अंकिता कुमारी के अलावा प्रखंड स्तरीय पारंपरिक हातु सभा संघ के अध्यक्ष उम्बलन तोपनो सहित विभिन्न गांवों के ग्राम प्रधान उपस्थित थे।

बैठक के दौरान रेफरल अस्पताल की प्रभारी डॉ अनुमिता रानी ने ग्राम प्रधानों को एचपीवी टीकाकरण के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एचपीवी टीका महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने में सहायक है और यह पूरी तरह सुरक्षित है।

उन्होंने कहा कि गांवों में इस टीके को लेकर कई तरह की भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं, जिन्हें दूर करने की जरूरत है। ग्राम प्रधानों से अपील की गई कि वे अपने-अपने गांवों में लोगों को जागरूक करें और टीकाकरण के प्रति फैली गलतफहमियों को दूर करने में सहयोग करें।