स्टेडियम में उमड़ा जनसैलाब

रांची, 30 नवंबर। झारखंड की राजधानी रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में रविवार को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला शुरू हो गया है। मैच को लेकर शहर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह होते ही स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई और माहौल क्रिकेट रंग में रंग गया।

विराट कोहली और रोहित शर्मा की झलक पाने के लिए हजारों प्रशंसक जर्सी पहनकर लाइन में खड़े नजर आए। स्टेडियम के भीतर और बाहर नीली जर्सियों का सागर उमड़ पड़ा। खास बात यह है कि इस मैच को देखने देश के कई राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी दर्शक पहुंचे हैं।

सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम

सुबह 9 बजे से ही दर्शकों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने विशेष इंतज़ाम किए हैं। पूरा स्टेडियम परिसर पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। लगभग 5000 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। हर प्रवेश द्वार पर सख़्त जांच की व्यवस्था की गई है। ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। क्विक रिस्पॉन्स टीम लगातार गश्त पर है। सुरक्षा व्यवस्था की खुद रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

स्टेडियम के बाहर बच्चों और युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। कई लोग अपने चेहरे पर तिरंगा पेंट करवा रहे हैं। दुकानों पर टीम इंडिया की जर्सी, झंडे और बैंड की खूब बिक्री हो रही है। अंदर स्टेडियम में भी भारतीय तिरंगा लगातार लहराता दिखाई दे रहा है।