हावड़ा, 7 मार्च। युवा पीढ़ी को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने और कंप्यूटर शिक्षा में दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से हावड़ा जिले के आमता क्षेत्र में गंगामिशन के सहयोग से निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत की गई। इस पहल का नेतृत्व आमता क्षेत्र के विधायक सुकांत पाल ने किया, जबकि इस परियोजना को साकार करने में गंगा मिशन के के राष्ट्रीय सचिव प्रह्लाद रॉय गोयनका का विशेष सहयोग रहा।

शनिवार को जयपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आमता नंबर-2 पंचायत समिति के कम्युनिटी हॉल में सैकड़ों छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में इस प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया गया।
प्रशिक्षण केंद्र भवन का पुनरुद्धार कर उसे आधुनिक स्वरूप गंगा मिशन की ओर से दिया गया है। इसके साथ ही कंप्यूटर, सूचना प्रौद्योगिकी से संबंधित उपकरण और आवश्यक फर्नीचर भी गंगामिशन की ओर से उपलब्ध कराए गए हैं।
इस आधुनिक और सुसज्जित प्रशिक्षण केंद्र में लगभग एक हजार छात्र-छात्राओं को कंप्यूटर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस अवसर पर संबोधित करते हुए प्रह्लाद राय गोयनका ने कहा कि आज के समय में युवाओं को कंप्यूटर शिक्षा में दक्ष बनाना बेहद आवश्यक है, ताकि वे तकनीकी रूप से सक्षम होकर भविष्य की चुनौतियों का सामना कर सकें।
वहीं विधायक सुकांत पाल ने इस पहल के लिए गंगा मिशन और इसके राष्ट्रीय सचिव के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण केंद्र के माध्यम से लगभग 1000 छात्र-छात्राएं निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे, जिससे उन्हें भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
