khad

खड़गपुर, 01 सितंबर। इंटर्नशिप के लिए जापान गए खड़गपुर आईआईटी के मेधावी छात्र श्याम संतोष अग्रवाल (25) की डूबने से में मौत हो गई। वह खड़गपुर आईआईटी के स्थापत्य एवं क्षेत्रीय योजना विभाग के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के छात्र थे। संस्थान के सूत्रों के अनुसार, रविवार को तैराकी के दौरान पानी में डूबने से उनकी मौत हुई। इस घटना से खड़गपुर आईआईटी में शोक की लहर है।

खड़गपुर आईआईटी सूत्रों के अनुसार, श्याम संतोष अग्रवाल बेहद मेधावी छात्र थे और संस्थान के लाल बहादुर शास्त्री छात्रावास में रहते थे। इसी वर्ष उनका चयन जापान के हिरोशिमा विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय इंटर्नशिप के लिए हुआ था। वह मई से जापान में रह रहे थे और उनकी इंटर्नशिप दिसंबर में पूरी होनी थी। लेकिन इससे पहले ही रविवार को यह दर्दनाक हादसा हो गया।

बताया गया है कि श्याम संतोष अग्रवाल जापान में तैराकी के दौरान अचानक पानी में डूब गए। हादसे के बाद उन्हें तत्काल हिरोशिमा के एक अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

मेधावी छात्र की अचानक मौत की खबर मिलते ही खड़गपुर आईआईटी में शोक का माहौल है। सोमवार रात खड़गपुर आईआईटी के निदेशक सुमन चक्रवर्ती ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने कहा कि छात्र को प्रतिष्ठित इंटर्नशिप का अवसर मिला था और वह उसी के लिए जापान गए थे। रविवार को वहां हुए दर्दनाक हादसे में उनकी मौत हो गई। संस्थान इस घटना से स्तब्ध और शोकाकुल है।