rq

पूर्व मेदिनीपुर, 12 अप्रैल। जिले के मोयना में रविवार को तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने पार्टी प्रत्याशी चंदन मंडल के समर्थन में रोड शो और जनसभा को संबोधित किया। परमानंदपुर जगन्नाथ इंस्टीट्यूशन स्कूल मैदान से बाघेर पोल तक निकाले गए रोड शो के बाद उन्होंने आम लोगों से तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की।

सभा को संबोधित करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि चंदन मंडल की जीत के बाद सरकार गरीब लोगों को आवास और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उनके साथ मिलकर काम करेगी। उन्होंने कहा कि जिन वरिष्ठ नागरिकों ने अपनी समस्याओं को लेकर आवेदन दिया है, तृणमूल कांग्रेस की जीत के बाद उन सभी समस्याओं के समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब तक तृणमूल कांग्रेस सत्ता में रहेगी, तब तक लक्ष्मी भंडार योजना जारी रहेगी। मोयना में हाल में लक्ष्मी भंडार को लेकर सामने आई समस्याओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसी लाभार्थी को कोई परेशानी होती है तो एक घंटे के भीतर उसका समाधान किया जाएगा।

अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को प्रचार करने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे साफ है कि विपक्ष तृणमूल से डर रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सभा के बाद विपक्षी दलों की नींद उड़ जाएगी।

उन्होंने यह भी वादा किया कि चंदन मंडल के जीतने पर मोयना को मत्स्य हब के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि मतगणना के दिन काउंटिंग सेंटर के बाहर हजारों तृणमूल कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे और किसी भी प्रकार की धांधली नहीं होने दी जाएगी।