सिलीगुड़ी, 07 अक्टूबर । सिलीगुड़ी-जलपाईगुड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर राजगंज के भुटकीर हाट इलाके में मंगलवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। मृतक की पहचान मयनागुड़ी निवासी विद्युत राय के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, विद्युत राय अपनी पत्नी के साथ बाइक से सिलीगुड़ी से मयनागुड़ी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक मालवाहक वाहन से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही विद्युत राय की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पाकर भोरेर आलो थाने और फुलबाड़ी हाईवे ट्रैफिक आउटपोस्ट की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद मालवाहक वाहन चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
