sadak

हुगली, 02 मई । पश्चिम बंगाल के सिंगुर के गोपालनगर इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर शनिवार तड़के एक भयावह सड़क दुर्घटना में कार चालक की जलकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, डानकुनी की ओर जाने वाली लेन में पहले दो चलती डंपरों के बीच टक्कर हुई, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। इस हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। कुछ देर बाद एक बालू से लदा ट्रक नियंत्रण खो बैठा और सामने चल रही एक कार के पीछे जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई। देखते ही देखते कार राष्ट्रीय राजमार्ग पर धू-धू कर जलने लगी। मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत दमकल को सूचना दी। दमकल की टीम पहुंचकर आग बुझाने में जुटी, लेकिन तब तक कार के अंदर फंसे चालक की जलकर मौत हो चुकी थी।

इससे पहले डंपरों की टक्कर में घायल व्यक्ति को बचाकर सिंगुर ट्रॉमा केयर सेंटर भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। मृत चालक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात में एक के बाद एक कई वाहनों की टक्कर हुई और एक कार में आग लग गई। कार के अंदर फंसा व्यक्ति बाहर नहीं निकल सका और आग में झुलसकर उसकी मौत हो गई।

गौरतलब है कि एक दिन पहले भी इसी इलाके के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर एक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई थी, जब गया से लौट रहे एक वाहन ने खड़े डंपर को टक्कर मार दी थी। उस हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे और उनका इलाज चल रहा है।