कोलकाता, 9 मार्च। चूरू नागरिक परिषद की ओर से रविवार शाम रोटरी सदन, कोलकाता में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में सदस्यों और अतिथियों ने कार्यक्रम में भाग लेकर उत्सव का आनंद लिया।
कार्यक्रम समिति के चेयरमैन नारायण जैन ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया। परिषद के अध्यक्ष आर.पी. सराफ ने संस्था द्वारा संचालित सामाजिक गतिविधियों, विशेषकर नेत्र जांच और होम्योपैथी उपचार सेवाओं की जानकारी दी। वहीं सचिव दीपक जैन ने कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों के बारे में बताया।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर संस्था ने महिलाओं और युवाओं के लिए कार्य करने वाली लेखिका तथा सनमार्ग की अध्यक्ष रुचिका गुप्ता को सम्मानित किया। सम्मान प्राप्त करने के बाद रुचिका गुप्ता ने चूरू नागरिक परिषद की सामाजिक गतिविधियों की सराहना की। इस अवसर पर सुशीला पुगलिया और स्वेता पारख ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए परिषद का आभार जताया।
कार्यक्रम में सम्मानित अतिथि भीकमचंद पुगलिया ने सदस्यों को समाजहित में निरंतर कार्य करते रहने की प्रेरणा दी। जेबी ग्रुप के चेयरमैन राजेंद्र बछावत, ऑर्बिट ग्रुप के प्रबंध निदेशक बसंत पारख तथा आईआईएम शिलॉन्ग के चेयरमैन शिशिर बाजोरिया ने भी अपने वक्तव्यों में परिषद की सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों की सराहना की।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में संगीत निर्देशक मौऊ चटर्जी, चुमकी रॉय मंडल, मेघना बसु, किंगशुक रॉय, छोटन, पिंकी साहा और जोएता बसु ने मधुर गीतों की प्रस्तुतियां दीं, जबकि नर्तकी स्वाति बनर्जी के नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
आयोजकों ने कार्यक्रम के दौरान भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप फाइनल का लाइव प्रसारण भी कराया, जिसका उपस्थित सदस्यों ने उत्साह के साथ आनंद लिया । समारोह की शुरुआत ठंडाई से हुई और सभी सदस्यों के लिए रात्रि भोज की व्यवस्था भी की गई। परिषद के उपाध्यक्ष जगत सिंह बैद ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में टी.सी. मनोत, सुमित सेकसरिया, ईश्वर गोयनका, कांति सुराणा, के.एन. गुप्ता, पवन पहाड़िया, प्रतिभा कोठारी, कौशल्या जैन, रमेश महाजन सहित अन्य सदस्यों का सक्रिय योगदान रहा।
