बोकारो, 16 सितंबर। दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा रेल मंडल अंतर्गत भोजूडीह में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक चंद्रशेखर गुप्ता को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। चंद्रशेखर गुप्ता पर आरोप है कि वह रेलवे के सफाईकर्मी बासु हाड़ी की मेडिकल लीव स्वीकृत करने के एवज में 25 हजार रुपये रिश्वत मांग रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बासु हाड़ी ने अपनी बीमारी के कारण मेडिकल लीव स्वीकृत कराने के लिए आवेदन दिया था। आरोप है कि मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक चंद्रशेखर गुप्ता ने मेडिकल अवकाश मंजूर करने के एवज में 25 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। पीड़ित बासु हाड़ी ने मामले की शिकायत केंद्रीय जांच एजेंसी से कर दी।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई ने 15 सितंबर 2026 को मामला दर्ज किया। इसके बाद शिकायत की सत्यता की जांच और सत्यापन की कार्रवाई की गई।
10 हजार की पहली किश्त लेते ही दबोचा
शिकायत के सत्यापन के बाद सीबीआई की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता ने रिश्वत की रकम की पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये आरोपी मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक को दिए। जैसे ही चंद्रशेखर गुप्ता ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से तैनात सीबीआई टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्यालय और आवास पर भी तलाशी
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई टीम ने आरोपी लोक सेवक के कार्यालय और आवासीय परिसर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज एवं अन्य सामग्रियों की जांच की गई। सीबीआई द्वारा मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपी मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक चंद्रशेखर गुप्ता को आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत धनबाद स्थित सक्षम अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।
