सिलीगुड़ी, 19 सितंबर। शहर के विभिन्न नर्सिंग होम में अनियमितताओं की शिकायतों के बाद शनिवार को राज्य स्वास्थ्य आयोग के अध्यक्ष विश्वजीत बसु के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नर्सिंग होम की आधारभूत संरचना, मरीजों को मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं और अग्निशमन व्यवस्था की जांच की गई। खास तौर पर आग लगने जैसी आपात स्थिति में मरीजों और उनके परिजनों के सुरक्षित बाहर निकलने की व्यवस्था पर ध्यान दिया गया। कुछ नर्सिंग होम में फायर सेफ्टी सिस्टम और आपातकालीन निकासी व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने चिंता जताई है।
निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों की पहचान और पंजीकरण संबंधी दस्तावेजों में भी कथित तौर पर कुछ विसंगतियां सामने आई है। आयोग ने मरीजों को उपचार देने वाले चिकित्सकों से संबंधित आवश्यक जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा कुछ नर्सिंग होम में शौचालयों की स्थिति असंतोषजनक पाई गई है। मरीजों और उनके परिजनों के लिए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था नहीं होने पर भी अधिकारियों ने आपत्ति जताई।स्वास्थ्य आयोग की टीम ने नर्सिंग होम प्रबंधन को सामने आई कमियों को जल्द दूर करने का निर्देश दिया है। आयोग ने स्पष्ट किया कि मरीजों की सुरक्षा और चिकित्सा सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य आयोग के अध्यक्ष विश्वजीत बसु ने कहा कि कई नर्सिंग होम में कुछ अनियमितताएं सामने आई हैं और संबंधित प्रबंधन को उन्हें सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। फायर सेफ्टी, आपातकालीन निकासी, चिकित्सकों के रजिस्ट्रेशन की जानकारी, साफ-सफाई और पेयजल जैसी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने को कहा गया है। फिलहाल कमियों को सुधारने के लिए नर्सिंग होम प्रबंधन को समय दिया गया है। निर्देशों के अनुसार खामियां दूर नहीं की गई तो भविष्य में कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
