ओंकार समाचार
गिरिडीह, 21 सितंबर। जिले के गांधी चौक क्षेत्र में शनिवार शाम नाले में बहे दो वर्षीय मासूम अंकुश ठाकुर का शव आखिरकार 16 घंटे बाद रविवार सुबह बरामद हुआ। काठीटांड़ स्थित सिंघाड़ा तालाब के पास शव मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार शाम तेज बारिश के दौरान अंकुश अपनी मां की गोद से फिसलकर नाले में गिर पड़ा। तेज बहाव उसे लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर डाकीटांड़ तक बहा ले गया। घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया। बच्चे के परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।
हादसे की खबर मिलते ही नगर थाना पुलिस, प्रशासन और नगर निगम की टीम रातभर रेस्क्यू अभियान में जुटी रही। जेसीबी मशीनों से नाले की दीवारें तोड़ी गईं और मोटर लगाकर पानी निकाला गया, लेकिन बारिश और अंधेरे के कारण सर्च ऑपरेशन रात तीन बजे रोकना पड़ा। रविवार सुबह फिर से अभियान शुरू किया गया और शव बरामद हुआ।
हादसे के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बड़ा चौक और गांधी चौक क्षेत्र में सड़क जाम कर नारेबाजी की। उनका कहना था कि अगर शुरुआती समय में तेजी से कार्रवाई होती तो मासूम को बचाया जा सकता था।
मृतक बच्चा मंगरोडीह गांव का रहने वाला था और वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था।
