
ओंकार समाचार
कोलकाता / मुर्शिदाबाद, 25 जनवरी। गंगा मिशन की ओर से शनिवार 24 जनवरी को मुर्शिदाबाद जिले के सागरदिघी क्षेत्र में नेत्र जांच एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जोरासांको थाना के प्रभारी मृणाल कांति मुखर्जी के सागरदिघी स्थित फार्महाउस परिसर में आयोजित हुआ।
शिविर में लगभग 700 मरीजों की जांच की गई, शिविर के दौरान ईसीजी, रक्तचाप एवं ब्लड शुगर जांच निशुल्क की गई। आवश्यकतानुसार दवाइयों का वितरण निशुल्क किया गया।
नेत्र परीक्षण के दौरान 150 मरीजों की नजर कमजोर पाई गई जिन्हें निःशुल्क चश्मे प्रदान किए जाएंगे। 45 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के योज्ञ पाए गए। इनके निःशुल्क ऑपरेशन आगामी 7 फरवरी को कोलकाता स्थित एम.आर.एस.एच. अस्पताल में किये जाएंगे।
गंगा मिशन के प्रतिनिधि सरदार ज्योति सिंह ने बताया कि गंगा मिशन के राष्ट्रीय सचिव एवं मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल के मानदमहासचिव प्रह्लाद रॉय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इस शिविर को सफल बनाने में डॉ. सादिया खान, डॉ. सी. एल. गुप्ता, स्नेहा प्रसाद का योगदान सराहनीय रहा।
लाभार्थियों ने शिविर के आयोजन के लिए गंगा मिशन का आभार व्यक्त किया।








