साहिबगंज, 3 मई। “निर्मल गंगा, अविरल गंगा” के संकल्प को साकार करने की दिशा में रविवार को साहिबगंज के मुक्तेश्वर धाम गंगा घाट पर विशेष श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह अभियान राष्ट्रीय गंगा मिशन के राष्ट्रीय महासचिव प्रह्लाद रॉय गोयनका की प्रेरणा तथा मॉडल कॉलेज राजमहल के संयुक्त तत्वावधान में, नगर परिषद साहिबगंज के सहयोग से संपन्न हुआ।
प्रातः 6:30 बजे प्रारंभ हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने श्रमदान कर गंगा तट की सफाई की और स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा घाटों की सफाई के साथ-साथ जलीय जीवों के संरक्षण तथा जल प्रदूषण के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।

इस अवसर पर शिक्षा केंद्र निदेशक अनिकेत कुमार सिंह, सिटी मैनेजर रवि कुमार, वार्ड पार्षद रंजीत प्रसाद साहा, डॉ. रणजीत कुमार सिंह, डॉ. रमजान अली, डॉ. अमित कुमार (एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी, मॉडल कॉलेज राजमहल) और डॉ. शैलेश कुमार मिश्रा, गंगामिशन झारखंड प्रभारी सुरेश निर्मल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने गंगा किनारे से कचरा और प्लास्टिक हटाते हुए लोगों से अपील की कि वे गंगा में कचरा, प्लास्टिक और पूजन सामग्री न डालें। जल संरक्षण को जीवन का आधार बताते हुए इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया।
अपने संबोधन में डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि घाटों पर साबुन, शैम्पू और अन्य रसायनों का उपयोग जल को प्रदूषित करता है। उन्होंने कहा कि गंगा हमारी आस्था की प्रतीक है और हमें इसका सम्मान करते हुए इसे स्वच्छ बनाए रखना चाहिए।
कार्यक्रम में प्रिया कुमारी, नीती कुमारी, अंकिता दास, रोश परवीन, नेहा कुमारी, आशिया परवीन, मधु कुमारी, रजनी कुमारी, इशा कुमारी, बबली कुमारी, चांदनी कुमारी, घंटी कुमारी, निशा कुमारी, सचिन कुमार, जय कुमार एवं आदेश कुमार सहित कई प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी रही।
अंत में सभी ने सामूहिक संकल्प लिया कि गंगा की स्वच्छता और संरक्षण के लिए यह अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा। यह पहल समाज में स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।
