पलामू, 27 दिसंबर। महात्मा गांधी की टूटी प्रतिमा लगाए जाने के खिलाफ जनआक्रोश के बाद आखिरकार पलामू के हुसैनाबाद में गांधी चौक से नव-निर्मित प्रतिमा शनिवार को हटा दी गई। शुक्रवार को मीडिया में खबर आने के बाद नगर प्रशासन को विवश होकर यह कदम उठाना पड़ा, लेकिन प्रतिमा हटाने की प्रक्रिया में भी हुसैनाबाद नगर प्रशासन की घोर लापरवाही उजागर हुई। गांधीजी की प्रतिमा को बिना ढके, बिना कवर किए ठेले पर लादकर ले जाया गया, जिसे देश के महा पुरुषों के सम्मान के विरुद्ध बताया जा रहा है।
प्रतिमा हटाने के दौरान न तो नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी मौजूद थे और न ही कोई अन्य जिम्मेदार अधिकारी। इस तरह सार्वजनिक रूप से महापुरुष की प्रतिमा को ठेला पर ले जाने को स्थानीय नागरिकों ने दुर्भाग्यपूर्ण और अपमानजनक बताया है।
स्थानीय राजकुमार कश्यप, श्रवण कुमार, झामुमो नेता नेहाल असगर, एजाज हुसैन, डाॅ एजाज अलम के अलावा लाला अग्रवाल, मुन्ना कुमार का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों पर विधिसम्मत कार्रवाई होनी चाहिए। लोगों ने आरोप लगाया है कि अधिकारियों ने गांधी जी की प्रतिमा को केवल एक सरकारी योजना मानकर महज औपचारिकता निभाई।
