d

डॉ. अजय कुमार पोद्दार बोले — ईश्वर ने मारवाड़ी समाज को देने वाला बनाया है;

प्रह्लाद राय गोयनका ने कहा — राजस्थान की राजधानी जयपुर, लेकिन मारवाड़ियों की राजधानी कोलकाता

4K लैप्रोस्कोपी सिस्टम और अत्याधुनिक इलेक्ट्रोसर्जिकल डिवाइस का लोकार्पण, मीना देवी पुरोहित ने पश्चिम बंगाल में मारवाड़ी समाज के योगदान को सराहा

कोलकाता, 04 नवम्बर। सेवा, समर्पण और परोपकार की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी अस्पताल में मंगलवार, 3 नवंबर को दो अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों का लोकार्पण किया गया। अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (PHE) एवं लोक निर्माण विभाग (PWD) के प्रभारी मंत्री अजय कुमार पोद्दार तथा कोलकाता नगर निगम की पूर्व उपमहापौर मीना देवी पुरोहित विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का स्वागत भाषण मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी के मानद सभापति प्रह्लाद राय गोयनका ने दिया। मारवाड़ी समाज की सामाजिक एवं सेवाभावी परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, “राजस्थान की राजधानी जयपुर है, लेकिन मारवाड़ियों की राजधानी कोलकाता है।” उन्होंने कहा कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी समाज द्वारा समाज के लिए बनाई गई एक महत्वपूर्ण संस्था है। इसकी स्थापना के पीछे मूल भावना यह थी कि आर्थिक अभाव के कारण कोई व्यक्ति इलाज से वंचित न रहे और बीमारी के समय किसी को असहाय स्थिति का सामना न करना पड़े। संस्था वर्षों से इसी सेवा भावना के साथ जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही है।

अपने संबोधन में मंत्री अजय कुमार पोद्दार ने कहा कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में खड़ा होना ही अपने आप में गर्व की बात है। उन्होंने कहा, “ईश्वर ने मारवाड़ी समाज को देने वाला बनाया है। ईश्वर ने हमें जो कुछ भी दिया है, वह दूसरों में बांटने के लिए ही दिया है।” उन्होंने समाज की परोपकारी भावना की सराहना करते हुए मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी की पूरी टीम के परिश्रम, समर्पण और लगन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि टीम के निरंतर प्रयासों के कारण ही संस्था इतने वर्षों से सेवा का यह कार्य आगे बढ़ा रही है।

इस दौरान प्रह्लाद राय गोयनका ने अजय कुमार पोद्दार की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 50 वर्षों में मारवाड़ी समाज से मंत्री बनने वाले वे दूसरे व्यक्ति हैं। इसे उन्होंने पूरे समाज के लिए गौरव का विषय बताया।

कोलकाता नगर निगम की पूर्व उपमहापौर मीना देवी पुरोहित ने अपने संबोधन में पश्चिम बंगाल में मारवाड़ी समाज के योगदान की चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस योगदान का एक महत्वपूर्ण उदाहरण मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी अस्पताल है। उन्होंने हरियाणा एवं राजस्थान के लोगों के सहयोग और योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इन्हीं लोगों के सामूहिक प्रयासों से संस्था इतने वर्षों से निरंतर सेवा का यज्ञ करती आ रही है।

दो अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों का लोकार्पण

समारोह के दौरान अस्पताल में दो आधुनिक चिकित्सा उपकरणों का लोकार्पण किया गया। 4K लैप्रोस्कोपी सिस्टम विद FPGA स्वर्गीय सावित्री देवी बंसल की पुण्य स्मृति में स्थापित किया गया। वे स्वर्गीय विश्वेश्वर लाल बंसल की धर्मपत्नी थीं। यह उपकरण बी.के. बंसल फाउंडेशन की ओर से ट्रस्टी सुरेश बंसल एवं मुकेश बंसल द्वारा प्रदान किया गया।

वहीं, इलेक्ट्रोसर्जिकल एवं वेसल सीलिंग डिवाइस विद बाइपोलर केबल सिस्टम स्वर्गीय महादेव प्रसाद एवं उनकी पत्नी स्वर्गीय रामकली देवी अग्रवाल की पुण्य स्मृति में उनके सुपुत्र निर्मल कुमार अग्रवाल एवं भाइयों द्वारा प्रदान किया गया। इस उपकरण के लिए Adhunik Power & Natural Resources Limited का सहयोग रहा।

कार्यक्रम में मंत्री अजय कुमार पोद्दार, भानीराम पुरोहित, अस्पताल के चेयरमैन गोविन्द राम अग्रवाल, मानद सभापति प्रह्लाद राय गोयनका, मानद उपाध्यक्ष विष्णुदास मित्तल, मानद प्रधान सचिव राकेश सोमानी, सुरेश बंसल, निर्मल कुमार अग्रवाल, प्रेम चन्द अग्रवाल, प्रदीप शर्मा, मुकेश मेहरा, अजय दीवान एवं सुशान्तो दास सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में मानद प्रधान सचिव राकेश सोमानी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने अतिथियों, दानदाताओं एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संस्था की सेवा यात्रा में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया।

आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता से अस्पताल में मरीजों को उन्नत उपचार सुविधाएं प्रदान करने में सहायता मिलेगी। समाज के दानदाताओं, सेवाभावी लोगों और संस्था की पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों से मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी अस्पताल स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अपनी जनकल्याणकारी भूमिका को निरंतर आगे बढ़ा रहा है।