सिलीगुड़ी,12 फरवरी । सिलीगुड़ी महकमा के खोरीबाड़ी थाना पुलिस ने इंडो-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद की गई है।
पहली घटना खोरीबाड़ी के डांगिबस्ती स्थित मेची नदी इलाके की है, जहां इंडो-नेपाल सीमा पार कर मादक पदार्थ की तस्करी करने की कोशिश के दौरान नेपाल के एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान नेपाल के भद्रपुर निवासी रोहित राय के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 102 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपित नेपाल से मादक पदार्थ लेकर भारत आया था और वापस लौटने के दौरान पकड़ा गया। उल्लेखनीय है कि इसी स्थान से पांच दिन पहले भी नेपाल के एक अन्य तस्कर को गिरफ्तार किया गया था।
दूसरी घटना खोरीबाड़ी के पानीटंकी राज्य सड़क की है। यहां सिलीगुड़ी की ओर लौट रही एक सिक्किम नंबर की चारपहिया गाड़ी को देर रात पुलिस ने रोका। पूछताछ के दौरान आरोपितों के बयान में असंगति पाए जाने पर वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 257 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान वीर बहादुर छेत्री, आशीष छेत्री और राजकुमार राय के रूप में हुई है। तीनों सिक्किम के रंगपो के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर लिया है।
दोनों मामलों में गिरफ्तार कुल चारों आरोपियों को गुरुवार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
