जमशेदपुर, 18 मई। पोटका में एकअनियंत्रित बोलेरो ने भैंसों के झुंड को टक्कर मार दी , इससे चार मवेशियों की मौत हो गई और दो घायल हो गए।
जमशेदपुर के पोटका थाना क्षेत्र अंतर्गत हाता-जमशेदपुर मुख्य मार्ग पर पावरू पहाड़ चौक के समीप को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बोलेरो ने सड़क पर चल रहे भैंसों के झुंड को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। टक्कर के बाद बोलेरो भी सड़क पर पलट गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार बोलेरो जमशेदपुर से हाता की ओर जा रही थी। तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क पर चल रहे मवेशियों के झुंड से जा टकराया। हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने बोलेरो चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए मृत मवेशियों को सड़क से हटाने तथा पशुपालकों को उचित मुआवजा देने की मांग की। सूचना मिलने पर पोटका थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।
