girftara

सिलीगुड़ी, 09 अप्रैल । नक्सलबाड़ी के रायपाड़ा इलाके में पोस्टर फाड़ने के मामले में पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में भाजपा के दीप्त राय और सागर राय तथा तृणमूल के वशिष्ठ प्रसाद और संतु राय शामिल है।

दरअसल, बीती रात रायपाड़ा इलाके में तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच पोस्टर फाड़ने को लेकर जमकर विवाद हो गया था।

आरोप है कि तृणमूल के पोस्टर फाड़े जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। जिससे इलाके में तनाव स्थिति बन गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और केंद्रीय बलों ने संयुक्त अभियान चलाकर हालात को काबू में किया। जिसके बाद देर रात इलाके में पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर उक्त मामले में दोनों पक्षों के कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है। इलाके में फिलहाल पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।