bhaga

कोलकाता, 22 सितंबर । भांगड़ कॉलेज में सोमवार को हुए भारी हंगामे और तनाव के सिलसिले में पुलिस ने दो अलग-अलग मामले दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है। कॉलेज परिसर में दोबारा अशांति फैलने से रोकने के लिए मंगलवार सुबह से ही मुख्य द्वार के सामने पुलिस पिकेट बैठा दी गई है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

सोमवार दोपहर को कॉलेज की नवनियुक्त संचालन समिति के अध्यक्ष और भाजपा नेता सायंतन बसु के परिसर में पहुंचने पर भारी विवाद शुरू हो गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपितों के नाम शाहरुख अख्तर, अली मोल्ला, असलम हबीब, रबिउल मिस्त्री और रबिउल जमान शेख हैं।

भांगड़ थाने की पुलिस द्वारा स्वतः संज्ञान लेते हुए दर्ज किए गए मामले में रबिउल मिस्त्री और रबिउल जमान को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, इन दोनों पर अवैध रूप से भीड़ जुटाने, कॉलेज में गैर-कानूनी तरीके से प्रवेश करने और संचालन समिति के अध्यक्ष के काम में बाधा डालने सहित कई गंभीर आरोप हैं।

दूसरी तरफ, तनाव के दौरान एबीवीपी (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) समर्थक छात्राओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में शाहरुख और असलम की गिरफ्तारी हुई है। इस संबंध में एबीवीपी समर्थक छात्रों के एक गुट ने भांगड़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपितों को मंगलवार को बारुईपुर अदालत में पेश किया जाएगा।

दरअसल हाल ही में भाजपा नेता सायंतन बसु को भांगड़ कॉलेज की संचालन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सोमवार को जब वह पहली बार अध्यक्ष के तौर पर कॉलेज पहुंचे, तो उन्हें भारी विरोध का सामना करना पड़ा। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जैसे ही उनका वाहन कॉलेज के गेट पर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद वामपंथी छात्र संगठन (एसएफआई) और आईएसएफ समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके जवाब में एबीवीपी के छात्रों ने भी जवाबी नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे कुछ ही देर में पूरा कॉलेज परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। दोनों गुटों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई थी, जिसके बाद भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

फिलहाल पुलिस कॉलेज और आसपास के इलाकों की स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी नई अप्रिय घटना को रोका जा सके।