crime

कोलकाता, 28 सितंबर । उत्तर 24 परगना के पूर्व जिलाध्यक्ष तथा पूर्व विधायक विश्वजीत दास को सोमवार दोपहर गोपालनगर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि पूर्व विधायक के पास आग्नेयास्त्र है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सोमवार दोपहर विश्वजीत दास के घर पर छापेमारी की। साथ ही उनकी गाड़ी की भी तलाशी ली गई। पुलिस ने तलाशी के दौरान उनकी गाड़ी से एक आग्नेयास्त्र बरामद होने का दावा किया है। अवैध रूप से आग्नेयास्त्र रखने के आरोप में पुलिस ने विश्वजीत दास को गिरफ्तार किया है।

विश्वजीत दास बनगांव उत्तर विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रह चुके हैं। वह पहले तृणमूल कांग्रेस के विधायक थे। वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी। हालांकि विधायक बनने के कुछ महीने बाद ही वह फिर से तृणमूल कांग्रेस में लौट आए थे। वर्ष 2024 लोकसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने उन्हें बनगांव संगठनात्मक जिले के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। इस चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने के लिए विश्वजीत दास ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि लोकसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने उन्हें फिर से उम्मीदवार बनाया था, लेकिन भाजपा उम्मीदवार अशोक कीर्तनिया के हाथों उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा।

पुलिस अब बरामद आग्नेयास्त्र को लेकर जांच कर रही है।