सार्वजनिक दुर्गा पूजा का पूर्व मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन

पूर्वी सिंहभूम, 18 अक्टूबर ।

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शनिवार रात बर्मामाइंस दुर्गा पूजा समिति की ओर से आयोजित सार्वजनिक दुर्गा पूजा का उद्घाटन किया।

मौके पर दास ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद टाटा वर्कर्स यूनियन ने टाटा स्टील प्रबंधन के साथ बेहतर तालमेल और प्रभावी वार्ता के जरिए कर्मचारियों को अच्छा बोनस दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इससे कर्मचारियों और उनके परिवारों में दुर्गा पूजा का उत्साह दोगुना हो गया है। उन्होंने कहा कि टाटा स्टील में बेहतर बोनस मिलने का सकारात्मक असर शहर की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ेगा। इसके साथ ही अन्य कंपनियों में भी बेहतर बोनस की संभावनाएं मजबूत होती हैं, जिससे बाजार में खरीदारी बढ़ती है और स्थानीय कारोबार को गति मिलती है।

इस दौरान उन्होंने टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने एक मार्गदर्शक के रूप में कर्मचारियों के हितों को आगे बढ़ाने का काम किया है। टाटा स्टील प्रबंधन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर बोनस वार्ता को सकारात्मक दिशा देना कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री ने मां दुर्गा की आराधना कर जमशेदपुरवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और सुरक्षा की कामना की। उन्होंने पूजा समिति के सदस्यों तथा बर्मामाइंस के सैकड़ों स्थानीय निवासियों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां दुर्गा की कृपा सभी पर बनी रहे। हर व्यक्ति को जीवन की चुनौतियों का सामना करने की शक्ति मिले और समाज में शांति, सद्भाव तथा समृद्धि का वातावरण कायम रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूजा समिति के अध्यक्ष राजेश सिंह ने की। इस अवसर पर टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु, टाटा स्टील यूआइएसएल के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर, कंपनी के जीएम आरके सिंह, भाजपा नेता एवं खादी बोर्ड के पूर्व सदस्य कुलवंत सिंह बंटी, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष रामबाबू तिवारी, बर्मामाइंस थाना प्रभारी सरयू आनंद सहित अन्य लोग उपस्थित थे।