aram

हुगली, 02 सितंबर । आरामबाग महकमा क्षेत्र के विभिन्न रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों में बुधवार को हुगली जिला खाद्य विभाग के अधिकारियों ने अचानक अभियान चलाकर निरीक्षण किया। कार्रवाई की खबर फैलते ही स्थानीय खाद्य कारोबारियों में हलचल मच गई।

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता मानकों के पालन और खाद्य सामग्री के रखरखाव की व्यवस्था की जांच के लिए अधिकारियों ने विभिन्न रेस्तरां और मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान रसोईघर, इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल, मिठाई बनाने में प्रयुक्त सामग्री और खाद्य पदार्थों के भंडारण की व्यवस्था की जांच की गई।

इसके अलावा अधिकारियों ने दुकानों में खाद्य सामग्री की समाप्ति तिथि और लाइसेंस से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की। अभियान के दौरान कुछ दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाने की जानकारी मिली है। इन नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा।

खाद्य विभाग के अनुसार, जांच में यदि किसी तरह की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, स्वच्छ एवं स्वास्थ्यकर वातावरण में खाद्य पदार्थ तैयार करने तथा घटिया या मिलावटी सामग्री का इस्तेमाल नहीं करने का निर्देश दिया। विभाग की ओर से बताया गया कि आम लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आने वाले दिनों में भी इस तरह के निरीक्षण और अभियान जारी रहेंगे।