झाड़ग्राम, 03 मई । झाड़ग्राम स्टेशन पर रविवार को कोयला लदी एक मालगाड़ी के डिब्बे में अचानक आग लगने से इलाके में हलचल मच गई।
बताया गया है कि यह मालगाड़ी टाटा से कोलाघाट की ओर जा रही थी। स्टेशन पर खड़ी रहने के दौरान स्थानीय लोगों ने एक डिब्बे से धुआं निकलते देखा।
इसकी सूचना दमकल विभाग को दी गई। खबर पाकर दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कोयले से भरे डिब्बे पर पानी डालकर थोड़ी ही देर में आग पर काबू पा लिया। दमकल विभाग की शीघ्र कार्रवाई के कारण बड़ा हादसा टल गया। प्राथमिक अनुमान है कि डिब्बे के अंदर कोयले के घर्षण से गर्मी पैदा होने की वजह से आग लगी होगी। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
