कालीचरण

खूंटी, 20 जून । सांसद कालीचरण मुंडा ने कहा कि काला नमक धान की खेती किसानों की आय को तीन गुना तक बढ़ाने में सहायक साबित होगी। शनिवार को उनके आवासीय कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में किसान कांग्रेस की ओर से किसानों से काला नमक धान की खरीद की गई। किसानों को धान का मूल्य 90 रुपये प्रति किलो दिया गया, जिससे उनमें उत्साह देखा गया।

सांसद ने बताया कि पिछले वर्ष लगभग 250 किसानों के बीच नि:शुल्क काला नमक धान के बीज वितरित किए गए थे। बेहतर उत्पादन के बाद इस वर्ष किसान धान बेचकर अच्छा लाभ कमा रहे हैं। किसान कांग्रेस ने करीब 25 क्विंटल धान की खरीद कर किसानों को नगद भुगतान किया। वहीं नए किसानों को 350 रुपये प्रति किलो की दर से लगभग तीन क्विंटल बीज भी उपलब्ध कराया गया। बीज खरीदने के लिए रांची और सिमडेगा से भी किसान पहुंचे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि कांग्रेस किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने किसानों से बड़े पैमाने पर काला नमक धान की खेती करने का आह्वान करते हुए कहा कि भविष्य में खूंटी इस धान का प्रमुख ब्रांड बन सकता है। उन्होंने जानकारी दी कि जल्द ही प्रत्येक पंचायत से एक किसान को कृषि संस्थानों के एक्सपोजर विजिट पर भेजा जाएगा।

झारखंड किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष कुमार ने कहा कि अगले वर्ष किसानों से काला नमक धान से तैयार चावल 300 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदा जाएगा।

कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक पंकज कुमार सिंह सहित कई कांग्रेस नेता और किसान उपस्थित थे।