रामगढ़, 03 अगस्त । सावन की पहली सोमवारी पर भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए सभी शिवालियों में महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दाैरान ठगों ने साधु का भेस धर कर दो महिलाओं को ठग लिया।
फर्जी साधुओं ने शहर के नई सराय में दो महिलाओं को ऐसे झांसे में लिया कि महिलाओं ने खुद ही सारे जेवर उतार कर उन्हें दे दिए। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। इसके बाद यह पूरा मामला रामगढ़ शहर में चर्चा का विषय बन गया।
ठगी की शिकार पीड़ित महिलाओं या उनके परिजनों ने पुलिस को ठगी की सूचना नही दी । लेकिन वायरल वीडियो पुलिस तक पहुंच गया। रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि सीसीटीवी में तीन लोग दो महिलाओं से बातचीत करते हुए दिख रहे हैं। कुछ मिनटों की बातचीत के बाद उन दोनों महिलाओं ने अपने जेवर खुद उतार कर उन्हें दिए। इसके बाद तीनों ठग बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। उस बाइक और उन तीन युवकों की तलाश की जा रही है।
