SARKAR

रांची, 12 अक्टूबर । झारखंड के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत कार्यरत सभी कर्मियों के सितंबर माह तक के लंबित मानदेय और प्रोत्साहन राशि का अविलंब भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित समीक्षात्मक बैठक में अधिकारियों को यह निर्देश दिया।

अजय कुमार सिंह ने टीबी मरीजों की लंबित पोषण राशि का भुगतान भी शीघ्र करने को कहा। बैठक में एनएचएम की वित्तीय स्थिति, आय-व्यय और विभिन्न पदों के पुनर्गठन की समीक्षा की गई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि राज्य, जिला, प्रखंड और सहिया स्तर पर कार्यरत किसी भी कर्मी का मानदेय लंबित नहीं रहना चाहिए, ताकि सभी कर्मी आगामी पूजा-पर्व अपने परिवार के साथ मना सकें।

समीक्षा के दौरान गढ़वा और जामताड़ा जिलों में आवंटित राशि की तुलना में कम खर्च किए जाने पर अपर मुख्य सचिव ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को स्वीकृत योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और उपलब्ध राशि का समय पर उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने अक्टूबर माह के वेतन का भुगतान मानव संसाधन सूचना प्रणाली (एचआरआईएस) के माध्यम से करने तथा इस मामले में रांची जिले को प्राथमिकता देने को कहा। इसके अलावा आउटसोर्स कर्मियों के भुगतान में तेजी लाने और लंबे समय से लंबित कर्मियों के स्वास्थ्य बीमा से जुड़े मामलों का शीघ्र निपटारा करने का निर्देश दिया।

अपर मुख्य सचिव ने एनएचएम के पुनर्गठन की प्रक्रिया भी दस दिनों के भीतर पूरी करने को कहा।

बैठक में विशेष सचिव डॉ. नेहा अरोड़ा, अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, संयुक्त सचिव दिनेश कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।-