के. रवि कुमार

रांची, 02 सितंबर । झारखंड के घाटशिला में होने वाले विधानसभा उपचुनाव की तैयारियां शुरु हो गयी है। निर्वाचक सूची का प्रकाशन  कर दिया गया है। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मंगलवार को रांची में इसकी जानकारी दी।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के निमित्त एकीकृत निर्वाचक सूची का प्रारूप प्रकाशन कर दिया गया है। अंतिम प्रकाशन 29 सितंबर को होगा। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से घाटशिला विधानसभा क्षेत्र (45) में हुई रिक्ति के लिए जारी अधिसूचना के छह महीने के भीतर भारत निर्वाचन आयोग की ओर से उप चुनाव कराया जाना है। इस आलोक में घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों, एईआरओ, ईआरओ, डीईओ के कार्यालय में मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया गया है। साथ ही संबंधित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को इसकी एक हार्ड कॉपी और सॉफ्ट कॉपी दी गई है।

घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के अवसर पर मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्रों का युक्तिकरण किया गया है। इसके बाद विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 300 हो गई है। इसलिए सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से बैठक एवं अन्य नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

उन्होंने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन आज दो सितंबर, 2025 (मंगलवार) को किया जा रहा है, इसके लिए दावा एवं आपत्ति जमा करने की अवधि दो सितंबर, 2025 से 17 सितंबर, 2025 तक है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म–6, हटाने के लिए फॉर्म–7 एवं संशोधन के लिए फॉर्म–8 जमा किए जा सकते हैं। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 29 सितंबर, 2025 (सोमवार) को किया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें।साथ ही जिन मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में नहीं जुड़ा है, वे संबंधित फॉर्म को भरकर अपना नाम अवश्य जुड़वां लें। उन्होंने कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाता उप-चुनाव में अपनी भागीदारी अवश्य सुनिश्चित करें।

संवाददाता सम्मेलन के दौरान संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार एवं उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी देवदास दत्ता भी उपस्थित थे।