कोलकाता, 03 जुलाई । पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के नवद्वीप में शुक्रवार तड़के प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक सुपारी कारोबारी के आवास पर छापेमारी की। यह कार्रवाई नवद्वीप के मणिपुर इलाके में रहने वाले कारोबारी अशोक अधिकारी के दो आवासों पर की गई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह लगभग 5 बजे ईडी के अधिकारी 5 वाहनों के काफिले के साथ कारोबारी के घर पहुंचे और तलाशी अभियान शुरू किया। सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक मामले की जांच के सिलसिले में की जा रही है। कारोबारी के पुत्र ने भी बताया कि ईडी की कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग मामले से संबंधित है।
बताया जा रहा है कि अशोक अधिकारी का सुपारी का कारोबार केवल पश्चिम बंगाल तक सीमित नहीं है, बल्कि असम, त्रिपुरा सहित पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी फैला हुआ है। इसी कारोबारी गतिविधि से जुड़े वित्तीय लेनदेन और दस्तावेजों की जांच के लिए ईडी की टीम दोनों आवासों पर पहुंची।
छापेमारी के दौरान ईडी के अधिकारी घर के भीतर मौजूद दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड, बैंक लेनदेन तथा अन्य महत्वपूर्ण कागजात की गहन जांच में जुटे रहे। खबर लिखे जाने तक तलाशी अभियान जारी था और ईडी की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी इस मामले में कारोबारी के वित्तीय लेनदेन, कारोबारी नेटवर्क और संभावित मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही है। तलाशी पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आए हैं और आगे की कार्रवाई किस दिशा में बढ़ेगी।
