पूर्वी सिंहभूम, 17 फरवरी। जिले में पिछले महीने सड़क दुर्घटनाओं में 17 लोगों की मौत के बाद जिला प्रशासन ने यातायात नियमों के पालन को लेकर सख्ती बढ़ाने का निर्णय लिया है। मंगलवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सड़क सुरक्षा की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले अधिकांश लोग दोपहिया वाहन चालक थे, जो बिना हेलमेट वाहन चला रहे थे। उपायुक्त ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए पुलिस और परिवहन विभाग को संयुक्त रूप से विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट वाहन चलाने, तेज गति से वाहन चलाने, गलत दिशा में ड्राइविंग करने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर जुर्माना लगाने के साथ उनके ड्राइविंग लाइसेंस को निलंबित या रद्द करने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।
बैठक में पहले से चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) के साथ-साथ नए जोखिम वाले स्थानों की पहचान करने और वहां चेतावनी संकेत, स्पीड ब्रेकर, बैरिकेडिंग तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा विद्यालयों और महाविद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाकर विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया। शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण थाना क्षेत्रों में भी नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
ड्रिंक एंड ड्राइव की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग को शराब दुकानों के आसपास निगरानी बढ़ाने तथा पुलिस को ब्रीथ एनालाइजर से जांच तेज करने को कहा गया है। साथ ही हिट एंड रन मामलों में लंबित मुआवजा प्रकरणों की समीक्षा कर प्रभावित परिवारों को जल्द भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की सहायता करने वाले व्यक्तियों को ‘गुड सेमेरिटन योजना’ के तहत सम्मानित करने का भी निर्णय लिया गया, ताकि लोग दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए आगे आएं और समय पर सहायता मिलने से जान बचाई जा सके।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी शबा आलम अंसारी, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ऋषभ गर्ग, रेल एसपी अजीत कुमार, एसडीएम धालभूम अर्णव मिश्रा, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राहुल आनंद, एडीसी संतोष गर्ग, डीटीओ धनंजय, एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र, डीएसपी ट्रैफिक, डीएसपी मुख्यालय सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
